मध्यप्रदेश पुलिस के अधिकारी राकेश कुमार कुशवाह ने ओपन इंडिया प्री-स्टेट शूटिंग प्रतियोगिता में जीता स्वर्ण पदक

मध्यप्रदेश पुलिस के अधिकारी राकेश कुमार कुशवाह ने ओपन इंडिया प्री-स्टेट शूटिंग प्रतियोगिता में जीता स्वर्ण पदक

भोपाल : मध्यप्रदेश पुलिस के लिए गर्व का विषय है कि पुलिस मुख्यालय, विसबल शाखा में पदस्थ सहायक पुलिस महानिरीक्षक, विसबल के निज सहायक,निरीक्षक (अ) राकेश कुमार कुशवाह (वरिष्ठ शीघ्रलेखक) ने ओपन इंडिया प्री-स्टेट शूटिंग प्रतियोगिता-2026 की 10 मीटर एयर पिस्टल (मास्टर वर्ग) स्पर्धा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त कर स्वर्ण पदक (गोल्ड मेडल) अर्जित किया है। उनकी इस उपलब्धि से मध्यप्रदेश पुलिस का गौरव राष्ट्रीय स्तर पर और अधिक बढ़ा है।

पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा ने कुशवाह की इस उल्लेखनीय सफलता को दृष्टिगत रखते हुए उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन, खेल भावना एवं मनोबल को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से 5 हजार रुपए का नगद पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया है। डीजीपी मकवाणा ने कुशवाह को उनकी इस उपलब्धि पर शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि कुशवाह की सफलता उनके अनुशासन, कठिन परिश्रम, समर्पण एवं निरंतर अभ्यास का परिणाम है। उन्होंने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से न केवल मध्यप्रदेश पुलिस, बल्कि सम्पूर्ण प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। उनकी यह उपलब्धि पुलिस विभाग के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों, विशेषकर स्टेनो एवं लिपिकीय संवर्ग के लिए प्रेरणास्रोत है।

राकेश कुमार कुशवाह इससे पूर्व भी मध्यप्रदेश पुलिस राज्य स्तरीय शूटिंग प्रतियोगिता में रजत पदक (सिल्वर मेडल) अर्जित कर अपनी खेल प्रतिभा का परिचय दे चुके हैं। लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन के माध्यम से उन्होंने यह सिद्ध किया है कि दृढ़ संकल्प, अनुशासन और नियमित अभ्यास से कार्यालयीन दायित्वों के साथ-साथ खेलों में भी उच्च उपलब्धियाँ प्राप्त की जा सकती हैं।

उल्लेखनीय है कि अब तक स्टेनो एवं लिपिकीय वर्ग के किसी अधिकारी द्वारा राष्ट्रीय स्तर की शूटिंग प्रतियोगिता में सहभागिता कर इस प्रकार की उपलब्धि प्राप्त करने का उदाहरण सामने नहीं आया था। राकेश कुमार कुशवाह ने यह साहसिक पहल कर न केवल स्वयं इतिहास रचा है, बल्कि पूरे स्टेनो एवं लिपिकीय वर्ग के लिए एक नई प्रेरणादायक राह भी प्रशस्त की है। उनकी यह सफलता इस संदेश को सशक्त करती है कि इच्छाशक्ति, समर्पण और निरंतर प्रयास से किसी भी क्षेत्र में सफलता हासिल की जा सकती है।

0 Response to "मध्यप्रदेश पुलिस के अधिकारी राकेश कुमार कुशवाह ने ओपन इंडिया प्री-स्टेट शूटिंग प्रतियोगिता में जीता स्वर्ण पदक"

Post a Comment

For any queries, feel free to contact us.

Ads on article

Advertise under the article