जहरीली शराब कांड के बाद प्रशासन में फेरबदल, आरती यादव की जगह संजय कुमार जैन होंगे SDM
सागर: मध्य प्रदेश के सागर जिले में हुए चर्चित जहरीली शराब कांड में शासन का सख्त रवैया जारी है। मामले में बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई करते हुए बंडा एसडीएम आरती यादव को पद से हटाकर सागर कलेक्टर कार्यालय में अटैच कर दिया गया है। उनके स्थान पर संजय कुमार जैन को बंडा एसडीएम की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जिन्हें शाहगढ़ का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है। यह प्रशासनिक फेरबदल तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।
पूर्व में भी आबकारी अफसरों पर हो चुकी है निलंबन की कार्रवाई
इस भीषण त्रासदी के बाद से ही विभागीय अधिकारियों पर दंडात्मक कदम उठाए जा रहे हैं। इससे पूर्व आबकारी सहायक आयुक्त कीर्ति दुबे, सहायक जिला आबकारी अधिकारी दिलीप खंडाते और बंडा सर्किल की आबकारी उपनिरीक्षक रोशनी उरेती को निलंबित किया जा चुका है। इसके अतिरिक्त संभागीय फ्लाइंग स्क्वाड प्रभारी नीरजा श्रीवास्तव को ग्वालियर मुख्यालय से संबद्ध किया गया था, जबकि स्थानीय गूगरा चौकी प्रभारी को भी सस्पेंड कर दिया गया था।
14 आरोपी गिरफ्तार, कोर्ट ने 6 दिनों की पुलिस रिमांड पर भेजा
सागर पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए अब तक 20 नामजद आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। पुलिस ने गिरफ्तार किए गए 14 मुख्य आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से अदालत ने सभी को 6 दिनों की पुलिस कस्टडी रिमांड पर भेज दिया है। प्रकरण की न्यायिक (मजिस्ट्रियल) जांच के आदेश भी जारी कर दिए गए हैं। साथ ही, पुलिस और प्रशासन ने अवैध रूप से सस्ती और जहरीली शराब बेचने वाले ढाबों व दुकानों को पूरी तरह सील करने का अभियान शुरू किया है।
पूरे मध्य प्रदेश में अवैध शराब के खिलाफ विशेष जांच अभियान के निर्देश
इस त्रासदी के बाद आबकारी आयुक्त दीपक सक्सेना की ओर से प्रदेशव्यापी कड़े निर्देश जारी किए गए हैं। समस्त जिलों में अवैध मदिरा के निर्माण, परिवहन और क्रय-विक्रय के खिलाफ सघन अभियान चलाने का आदेश दिया गया है। आबकारी विभाग को शराब के उत्पादन से लेकर उसकी बिक्री तक के प्रत्येक चरण की गहनता से पड़ताल करने को कहा गया है। शासन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि इस अभियान के दौरान किसी भी अधिकारी या कर्मचारी की लापरवाही पाई गई तो उसके विरुद्ध सीधे निलंबन और दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
0 Response to "जहरीली शराब कांड के बाद प्रशासन में फेरबदल, आरती यादव की जगह संजय कुमार जैन होंगे SDM"
Post a Comment
For any queries, feel free to contact us.