चलती राजधानी एक्सप्रेस के कोच में लगी भीषण आग, बड़ा हादसा टला
रतलाम: त्रिवेंद्रम से हजरत निजामुद्दीन जा रही राजधानी एक्सप्रेस में रविवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब ट्रेन के एक एसी कोच (B1) में अचानक भीषण आग लग गई। यह हादसा सुबह करीब 5:15 बजे लूणीरीछा और विक्रमगढ़ आलोट स्टेशनों के बीच हुआ। गनीमत यह रही कि जैसे ही दुर्घटना का हूटर बजा, रेलवे प्रशासन, फायर ब्रिगेड और राहत दल तुरंत हरकत में आ गए। महज 15 मिनट के भीतर कोच में सवार सभी 68 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। रेलवे की इस त्वरित कार्रवाई के चलते एक बड़ा हादसा टल गया और किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
फायर ब्रिगेड ने पाया आग पर काबू, प्रभावित कोच को किया अलग
कोटा मंडल के मंडल वाणिज्य प्रबंधक (DCM) सौरभ जैन ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि घटना की सूचना मिलते ही रेलवे का तकनीकी और सुरक्षा स्टाफ मौके पर पहुंच गया था। आग को बाकी ट्रेन में फैलने से रोकने के लिए तुरंत 'बी-1' कोच को काटकर ट्रेन से अलग किया गया। मौके पर पहुंचीं फायर ब्रिगेड की 3 गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया। यात्रियों की सुविधा के लिए कोटा से एक अतिरिक्त कोच की व्यवस्था की गई और आवश्यक मरम्मत के बाद करीब पौने घंटे में ट्रेन को आगे के लिए रवाना कर दिया गया।
रेलवे रूट प्रभावित, कई ट्रेनें अलग-अलग स्टेशनों पर रोकी गईं
इस ट्रैक पर हुए हादसे के कारण रेल यातायात कुछ समय के लिए प्रभावित हुआ, जिसके चलते 5 से 6 ट्रेनों को अलग-अलग स्टेशनों पर रेगुलेट (रोका) किया गया। प्रभावित ट्रेनों की सूची इस प्रकार है:
-
बांद्रा टर्मिनस एक्सप्रेस (19020): शामगढ़ स्टेशन पर रोका गया।
-
इंदौर इंटरसिटी सुपरफास्ट एक्सप्रेस (12416): सुवासरा में खड़ी की गई।
-
स्वराज एक्सप्रेस (12472): शामगढ़ में रोका गया।
-
मऊ-वलसाड स्पेशल एक्सप्रेस (05017): नाथू खेड़ी स्टेशन पर रोका गया।
-
हजरत निजामुद्दीन-मुंबई सेंट्रल दुरंतो एक्सप्रेस (22210): चौमहला में रोका गया।
-
हजरत निजामुद्दीन-पुणे एक्सप्रेस (01492): मोड़क स्टेशन के पास रोका गया।
अफवाहों से बचें, '139' पर लें सटीक जानकारी
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों के परिजनों और आम जनता से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें, क्योंकि सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं। ट्रेन के संचालन और समय से जुड़ी किसी भी सटीक जानकारी के लिए आधिकारिक वेबसाइट का उपयोग करें या रेलवे के हेल्पलाइन नंबर 139 पर संपर्क करें।
0 Response to "चलती राजधानी एक्सप्रेस के कोच में लगी भीषण आग, बड़ा हादसा टला"
Post a Comment
For any queries, feel free to contact us.