मां के साथ हैवानियत पर पुलिस ने नहीं लिखी FIR, आहत नाबालिग ने खाया जहर
देवास: देवास के आदिवासी क्षेत्र के बागली के ग्राम भिकुपुरा में 17 साल के नाबालिग ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली. नाबालिग मां के साथ बलात्कार करने वाले आरोपी के खिलाफ FIR नहीं लिखे जाने से आहत होकर ये कदम उठा लिया. घटना से आक्रोशित मृतक के परिजनों और ग्रामीणों ने पोस्टमार्टम के बाद शव को सड़क पर रखकर चक्का जाम कर दिया. ग्रामीणों ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी भी की. वे महिला के साथ बलात्कार करने वाले आरोपी की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे.
घटना से नाराज ग्रामीणों ने भीकूपुरा में पूजापूरा बागली मार्ग पर शव रख कर किया चक्का जाम
नाबालिग की माँ ने आरोप लगाया कि उसके साथ बलात्कार की घटना हुई थी और उनका बेटा मामले में उदयनगर थाने में FIR दर्ज कराने पहुंचा तो पुलिस ने FIR नहीं लिखी. जिससे आहत होकर उसने आज जहर खाकर आत्महत्या कर ली. घटना से गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने ग्राम भीकूपुरा में पूजापूरा बागली मार्ग पर शव रख कर चक्का जाम किया और पुलिस के विरुद्ध नारेबाजी करने लगे.
पुलिस की समझाइश के बाद परिजनों ने मृतक का किया अंतिम संस्कार
मृतक के परिजन आरोपी सुनील मालवीय की तत्काल गिरफ्तारी और प्रशासन द्वारा उसके मकान पर बुलडोजर चलवाने का मांग कर रहे थे. इस दौरान सुरक्षा की दृष्टि से गांव में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया. एसडीओपी सहित अन्य अधिकारियों द्वारा ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया गया तब जाकर मामला शांत हुआ. पुलिस की समझाइश के बाद परिजनों ने मृतक का अंतिम संस्कार किया.
ट्रैफिक ASP हरिनारायण बाथम ने मीडिया को बताया, बीती देर रात पीड़ित महिला और उसका बेटा परिजनों और ग्रामीणों के साथ आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज करवाने उदयनगर थाना पहुँचे थे. बलात्कार जैसी घटना की जाँच, FIR महिला पुलिस अधिकारी द्वारा की जाती है. इसलिए महिला पुलिस अधिकारी को बुलवाया गया था. लेकिन शिकायतकर्ता वापस घर चले गए. पीड़ित महिला के बेटे ने घर में ही जहर खा लिया और आत्महत्या कर ली.
पुलिस ने कहा, गांव और क्षेत्र में स्थिति सामान्य
उन्होंने आगे कहा, मृतक के शव का पोस्टमार्टम के बाद नाराज परिजन औऱ ग्रामीणों ने शव सड़क पर रखकर चक्का जाम कर दिया. उनकी पुलिस से मांग थी कि जिसने FIR दर्ज नहीं की उसके खिलाफ कार्यवाही की जाए. आरोपी के मकान पर बुलडोजर चलाया जाए और उसकी गिरफ्तारी की जाए. यह सभी कार्यवाही हमने पूरी कर ली है. आरोपी को भी गिरफ्तार कर कल कोर्ट पेश कर दिया जाएगा. वर्तमान में गांव और क्षेत्र में स्थिति सामान्य है.
0 Response to "मां के साथ हैवानियत पर पुलिस ने नहीं लिखी FIR, आहत नाबालिग ने खाया जहर"
Post a Comment
For any queries, feel free to contact us.