आयुष्मान भारत में अनियमितता का खुलासा, तीन अस्पतालों की सेवाओं पर रोक

आयुष्मान भारत में अनियमितता का खुलासा, तीन अस्पतालों की सेवाओं पर रोक

भोपाल। मध्य प्रदेश में आयुष्मान भारत योजना में सामने आई धांधली और वित्तीय अनियमितताओं पर राज्य स्वास्थ्य प्राधिकरण ने कड़ा रुख अपनाया है। योजना के दावों और अस्पतालों की कार्यप्रणाली की गहन समीक्षा के दौरान गंभीर खामियां पाए जाने पर प्रशासन ने राजधानी भोपाल के तीन प्रमुख निजी अस्पतालों को योजना से तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

औचक निरीक्षण में खुली पोल

कार्रवाई के तहत यशवी मल्टी स्पेशियलिटी हॉस्पिटल, सूर्यांश मल्टी स्पेशियलिटी हॉस्पिटल और मारुति मल्टीस्पेशियलिटी हॉस्पिटल पर गाज गिरी है। आयुष्मान भारत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अरविंद शाह के नेतृत्व में विभागीय टीम ने इन अस्पतालों का औचक निरीक्षण किया था। जांच के दौरान योजना के तय मानकों और दिशा-निर्देशों के उल्लंघन की पुष्टि हुई, जिसके बाद यह निलंबन की कार्रवाई की गई।

अस्पतालों को 10 दिन का नोटिस

विभाग ने कार्रवाई के साथ ही तीनों अस्पताल प्रबंधनों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। अस्पतालों को अपना पक्ष रखने के लिए 10 दिनों की मोहलत दी गई है। स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि प्रबंधनों द्वारा प्रस्तुत जवाब और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी और प्रशासनिक कार्रवाई तय की जाएगी।

पुराने भुगतानों का होगा विशेष ऑडिट

यह मामला सिर्फ वर्तमान गड़बड़ियों तक सीमित नहीं रहेगा। अधिकारियों ने तीनों अस्पतालों द्वारा आयुष्मान योजना के तहत पूर्व में जमा किए गए सभी दावों और भुगतानों के विस्तृत ऑडिट के आदेश दिए हैं। विभाग ने स्पष्ट किया है कि मरीजों के इलाज में फर्जीवाड़े या नियमों की अनदेखी करने वाले अन्य अस्पतालों के खिलाफ भी यह अभियान लगातार जारी रहेगा।

0 Response to "आयुष्मान भारत में अनियमितता का खुलासा, तीन अस्पतालों की सेवाओं पर रोक"

Post a Comment

For any queries, feel free to contact us.

Ads on article

Advertise under the article