भोपाल मेट्रो की सर्विस में बड़ा बदलाव, अब 15 मिनट के अंतराल पर मिलेगी ट्रेन
भोपाल: भोपाल मेट्रो सोमवार से अपनी नई समय-सारणी के अनुसार संचालित की जाएगी। मेट्रो प्रबंधन द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, सोमवार से शनिवार तक मेट्रो प्रतिदिन कुल 62 फेरे लगाएगी। वहीं, रविवार और सार्वजनिक अवकाश के दिनों में यह 70 फेरे पूरे करेगी। सोमवार को सुभाष नगर स्टेशन से पहली मेट्रो सुबह 11:30 बजे और एम्स स्टेशन से दोपहर 12:00 बजे गंतव्य के लिए रवाना हुई।
मेट्रो का नया समय और शेडयूल
नए शेड्यूल के तहत सुभाष नगर स्टेशन से पहली मेट्रो रोज सुबह 11:30 बजे और एम्स स्टेशन से दोपहर 12:00 बजे चलेगी। सोमवार से शनिवार तक मेट्रो सेवा सुबह 11:30 बजे से शाम 7:30 बजे तक उपलब्ध रहेगी, जिसमें सुभाष नगर से अंतिम ट्रेन शाम 7:00 बजे और एम्स से अंतिम ट्रेन शाम 7:30 बजे रवाना होगी। इसके विपरीत, रविवार एवं सार्वजनिक अवकाश के दिन सेवा रात 8:30 बजे तक रहेगी, जहां सुभाष नगर से अंतिम मेट्रो रात 8:00 बजे और एम्स से रात 8:30 बजे छूटेगी।
यात्रियों के लिए स्टेशन प्रवेश और टिकटिंग व्यवस्था
यात्रियों की सहूलियत के लिए मेट्रो स्टेशनों के प्रवेश द्वार पहली ट्रेन छूटने के 15 मिनट पहले खोल दिए जाएंगे, ताकि सुरक्षा जांच और टिकटिंग की प्रक्रिया सुचारू रूप से पूरी हो सके। मैनुअल टिकटिंग के लिए स्टेशनों पर गेट निर्धारित किए गए हैं, जिनमें सुभाष नगर, केंद्रीय विद्यालय, बोर्ड ऑफिस, एमपी नगर, डीआरएम ऑफिस और अलकापुरी में गेट क्रमांक-3, रानी कमलापति में गेट क्रमांक-2 तथा एम्स स्टेशन पर गेट क्रमांक-1 से प्रवेश और निकास की सुविधा दी गई है।
0 Response to "भोपाल मेट्रो की सर्विस में बड़ा बदलाव, अब 15 मिनट के अंतराल पर मिलेगी ट्रेन"
Post a Comment
For any queries, feel free to contact us.