भोपाल को बड़ी सौगात! 120 करोड़ की सीवेज परियोजना, गोविंदपुरा में बनेंगी 2 एलिवेटेड रोड

भोपाल को बड़ी सौगात! 120 करोड़ की सीवेज परियोजना, गोविंदपुरा में बनेंगी 2 एलिवेटेड रोड

भोपाल| भोपाल की गोविंदपुरा विधानसभा सीट के अंतर्गत अमृत मिशन-2 योजना के तहत लगभग 120 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत किया गया है। इस राशि से क्षेत्र में एक अत्याधुनिक सीवेज सिस्टम विकसित किया जाएगा, जो निजी कॉलोनियों समेत कई रिहायशी इलाकों की सालों पुरानी सीवेज ड्रेनेज की समस्या को हमेशा के लिए खत्म कर देगा। इसके अलावा, यातायात को सुगम बनाने के लिए मिसरोद से अयोध्या बायपास होते हुए हवाई अड्डे तक और बावड़ियाकला से दानिश नगर तक एलिवेटेड कॉरिडोर बनाने का प्रस्ताव भी तैयार किया गया है।

विकास कार्यों की घोषणा और क्षेत्र का सम्मान

इस महत्वपूर्ण विकास कार्य की जानकारी पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कृष्णा गौर ने वार्ड क्रमांक-53 स्थित स्टर्लिंग ग्लोब ग्रैंड परिसर के एप्रोच रोड के उद्घाटन और सम्मान समारोह के दौरान दी। राज्यमंत्री ने इस अवसर पर स्टर्लिंग ग्लोब ग्रैंड परिसर में एक ओपन जिम बनाने, डुप्लेक्स परिसर में शेड का निर्माण करने और स्थानीय पार्क के सौंदर्यीकरण की बड़ी घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि जनता के अटूट भरोसे और समर्थन की बदौलत ही गोविंदपुरा क्षेत्र भाजपा का मजबूत किला बना हुआ है, जिसने उन्हें पिछले चुनाव में राज्य की दूसरी सबसे बड़ी जीत दिलाई।

बेहतर अधोसंरचना और सुरक्षित माहौल

राज्यमंत्री ने आगे कहा कि क्षेत्र में सुरक्षा का माहौल और निरंतर हो रहे विकास कार्यों की वजह से यहाँ का इंफ्रास्ट्रक्चर अन्य इलाकों की तुलना में काफी मजबूत हुआ है। उन्होंने इस प्रगति का श्रेय मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के सहयोग और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व को दिया।

नर्मदापुरम रोड की सर्विस लेन का सुदृढ़ीकरण

समारोह के दौरान क्षेत्रीय पार्षद प्रताप वारे ने वार्ड में चल रहे और आने वाले समय में होने वाले विकास कार्यों का ब्योरा दिया। उन्होंने बताया कि नर्मदापुरम रोड के दोनों तरफ की सर्विस लेन की मरम्मत और अन्य बुनियादी ढांचागत सुधार का काम तेजी से जारी है।

कार्यक्रम की शुरुआत में स्टर्लिंग ग्लोब ग्रैंड रहवासी रखरखाव सहकारी संस्था के सदस्य सतीश नारायण शुक्ला, बीएस राजपूत, सीबी गांधी, मंगेश भार्गव, सुरेंद्र पाल खुराना, सबलोक सलूजा, अजय बवेजा, महेश कुमार, शैलेश तिवारी, महेंद्र चौहान तथा महिला विंग से मीना श्रीवास्तव, ज्योति अवस्थी, मंजरी चौहान, सोनिया अरोरा, किरण गांधी, वीणा बवेजा, सीमा सबलोक, पूर्वा भार्गव, शिल्पा अरोड़ा, कृति गोयल, भावना गांधी, पूजा तिवारी, केसी पटेल, रानी कामरा, सपना खत्री, रजनी अहिरवार, गायत्री विक्रम, वीणा तोमर, श्रीमती विक्टर और मोना सैनी ने मुख्य अतिथि श्रीमती गौर समेत अन्य गणमान्य अतिथियों का शाल और श्रीफल भेंट कर पारंपरिक स्वागत किया।

0 Response to "भोपाल को बड़ी सौगात! 120 करोड़ की सीवेज परियोजना, गोविंदपुरा में बनेंगी 2 एलिवेटेड रोड"

Post a Comment

For any queries, feel free to contact us.

Ads on article

Advertise under the article