भांजे की सगाई में विवाद के बाद मारपीट, अशोकनगर में 7 लोगों ने युवक पर बरसाए डंडे.......
अजय सिंह कुशवाह - अशोकनगर में भांजे की सगाई में हुए पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। शुक्रवार शाम सात हमलावरों ने एक युवक पर उसके घर के बाहर डंडों से जानलेवा हमला कर दिया। आरोपी दो गाड़ियों से पहुंचे थे और महज दो मिनट में मारपीट कर फरार हो गए। घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने सभी हमलावरों की पहचान कर उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
घायल युवक की पहचान सोनू पिता जगदीश विश्वकर्मा (32) के रूप में हुई है। घटना का कारण सोनू के भांजे राहुल की सगाई के दौरान बुधवार को रिश्तेदारों से हुआ विवाद बताया जा रहा है। उसी रंजिश में शुक्रवार शाम को सोनू पर हमला किया गया।
CCTV में कैद हुई घटना
मारपीट की पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुई है। वीडियो में दो गाड़ियों एक सफारी और एक वेन्यू से सात लोग उतरते दिखाई देते हैं। सभी के हाथों में डंडे थे। हमलावर सीधे जलसा मैरिज गार्डन के पास पहुंचे, जहां सोनू अपने घर के बाहर बैठा था।
उन्होंने अचानक उस पर डंडों से हमला शुरू कर दिया। सोनू गिर गया, लेकिन हमला जारी रहा। उसकी चीखें सुनकर आसपास के लोग दौड़े तो हमलावर वहां से भाग निकले।
आरोपियों पर एफआईआर
घटना के बाद सोनू को तत्काल अस्पताल ले जाया गया। परिजन उसे लेकर कोतवाली पहुंचे और मामला दर्ज कराया। पुलिस ने मनोज सिकरीगर, शिवम सिकरीगर, मनीराम सिकरीगर, लाल सिंह सिकरीगर, लाखन सिकरीगर और अजूबा सिकरीगर, सभी निवासी 28 नंबर कोठी, फतेहपुर (शिवपुरी) के खिलाफ मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।

0 Response to "भांजे की सगाई में विवाद के बाद मारपीट, अशोकनगर में 7 लोगों ने युवक पर बरसाए डंडे......."
Post a Comment
For any queries, feel free to contact us.